उत्तराखंड : लालढांग-चिल्लरखाल सड़क निर्माण को मिली रफ्तार, PWD बनी कार्यदायी संस्था
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Jul, 2026 07:58 PMदेहरादून/कोटद्वार। लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग के निर्माण की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। उच्चतम न्यायालय द्वारा परियोजना पर लगी रोक हटाए जाने के बाद वन विभाग ने सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को कार्यदायी संस्था नामित कर दिया है। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कोटद्वार विधायक एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण के सतत प्रयासों और निर्देशों के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। आदेश जारी होने के बाद अब सड़क निर्माण से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी आएगी तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद है।
लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रहा है। इस सड़क के बनने से कोटद्वार का हरिद्वार और देहरादून से सीधा संपर्क अधिक मजबूत होगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार, स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग रही है और इसे धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उच्चतम न्यायालय में प्रभावी ढंग से अपना पक्ष रखा, जिसके बाद सड़क निर्माण पर लगी रोक हट सकी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। उनके अनुसार इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम और त्वरित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा कोटद्वार के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।



No Previous Comments found.