केदारनाथ धाम पहुंचे धामी, बाबा केदार से लिया आशीर्वाद
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Apr, 2026 12:23 PMरुद्रप्रयाग/देहरादून: भगवान बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को केदारनाथ धाम पहुंचे और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कपाट खुलने के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा केदार की विशेष पूजा की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा अर्पित की और भगवान भोलेनाथ से देश व प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, पूरा केदारनाथ धाम “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर बाबा केदार के दर्शन किए। पूरे धाम में आस्था, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारधाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान हैं और राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा अनुभव देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


No Previous Comments found.