डिजिटल निवेश का बड़ा केंद्र बनेगा उत्तराखंड: बत्रा
इंडिया डिजिटल एम्पावरमेंट मीट में डेटा सेंटर, AI और साइबर सुरक्षा पर बनी रणनीति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Apr, 2026 10:59 PMदेहरादून। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उत्तराखंड को टेक्नोलॉजी आधारित और निवेश-अनुकूल राज्य बनाने के लिए सरकार ठोस एवं परिणाममुखी कदम उठा रही है। पारदर्शी नीतियां, सरल प्रक्रियाएं और उद्योगों के साथ निरंतर संवाद सरकार की प्राथमिकता है।
गुरुवार को देहरादून में ITDA उत्तराखंड और APAC Media की ओर से आयोजित 5वें इंडिया डिजिटल एम्पावरमेंट मीट एंड अवॉर्ड्स – उत्तराखंड संस्करण में शासन, उद्योग जगत, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने राज्य के डिजिटल भविष्य पर मंथन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में आयोजित इंडस्ट्री CEO राउंडटेबल रहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में डेटा सेंटर, आईटी निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि CERT उत्तराखंड को जल्द पूरी तरह क्रियाशील बनाकर राज्य की साइबर सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही सरकार, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाकर मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा।
निवेशकों ने दिए सुझाव
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड में निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने Ease of Doing Business, सिंगल विंडो सिस्टम और दीर्घकालिक नीति स्थिरता को और मजबूत करने के सुझाव दिए, जिन पर सरकार ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी पर चर्चा
कार्यक्रम में पर्वतीय क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी, फाइबर नेटवर्क विस्तार, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति और हरित ऊर्जा के उपयोग जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
IIIT हैदराबाद से होगा समझौता
इस दौरान IIIT हैदराबाद के साथ एमओयू, AI आधारित सुशासन के लिए प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान और हितधारकों के साथ नियमित संवाद जैसी महत्वपूर्ण पहलों पर सहमति बनी।
यह आयोजन उत्तराखंड को डिजिटल रूप से सशक्त और निवेश-अनुकूल राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राज्य आने वाले समय में देश के प्रमुख डिजिटल हब के रूप में उभरने की ओर बढ़ रहा है।


No Previous Comments found.