चारधाम यात्रा से पहले गैस-पेट्रोल आपूर्ति अलर्ट मोड पर, सरकार ने दिए सख्त निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 15 Apr, 2026 10:14 PM
चारधाम यात्रा से पहले गैस-पेट्रोल आपूर्ति अलर्ट मोड पर, सरकार ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और शादी-विवाह के मौसम को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने गैस, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तैयारी तेज कर दी है। सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आनंद स्वरूप ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी जिलों से फीडबैक लिया और तेल कंपनियों को समयबद्ध आपूर्ति के निर्देश दिए।


बैठक में राज्य स्तरीय समन्वयक, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि और सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारी शामिल हुए। सचिव खाद्य ने कहा कि आम जनता को घरेलू गैस या ईंधन की कमी के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।



चारधाम यात्रा को लेकर विशेष तैयारी



सचिव आनंद स्वरूप ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, ऐसे में यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन और विवाह समारोहों के कारण बढ़ने वाली मांग को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था की जाए।



जिलों से लिया गया फीडबैक



समीक्षा बैठक में जिला पूर्ति अधिकारियों से सीधे संवाद कर विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने गैस की मौसमी मांग बढ़ने, शादी-विवाह सीजन में कमर्शियल सिलेंडरों की अधिक खपत, परिवहन चुनौतियों और कुछ स्थानों पर एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत जैसे मुद्दे उठाए।


सचिव खाद्य ने निर्देश दिए कि जिलों से प्राप्त सभी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।



तेल कंपनियों को दिए निर्देश



तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि सभी एजेंसियों के माध्यम से तय मानकों के अनुसार नियमित आपूर्ति जारी रखी जाएगी। साथ ही जनपदों से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।


सचिव ने कंपनियों से कहा कि गैस एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें और किसी भी बाधा की स्थिति में तुरंत समाधान करें।



अधिकारियों को निगरानी के आदेश



जिला पूर्ति अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।


बैठक में अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती, कृष्ण कुमार गुप्ता, स्वर्ण सिंह, पंकज अंबलढगे, जेएल प्रसन्ना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2