डीएवी कॉलेज मंच विवाद: मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 13 Apr, 2026 12:21 AM
डीएवी कॉलेज मंच विवाद: मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ सप्ताह समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा द्वारा मंच से कथित अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का मामला तूल पकड़ गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



कार्यक्रम के दौरान बिगड़ा माहौल-



डीएवी पीजी कॉलेज में 11 अप्रैल शनिवार को छात्र संघ समारोह के अंतर्गत सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई थी, जिसमें हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और अजय हुड्डा प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी भाग लिया था।


बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद मासूम शर्मा ने मंच से गाली-गलौज शुरू कर दी। आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग से वहां मौजूद पुलिस अधिकारी, स्टाफ, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग असहज नजर आए। उस समय खानपुर विधायक उमेश शर्मा भी मंच के पास मौजूद थे। विधायक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं रुके।



शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा-



मिली जानकारी के अनुसार, छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी (सत्यम शिवम छात्र संगठन, डीएवी पीजी कॉलेज) द्वारा 12 अप्रैल 2026 को थाना डालनवाला में लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 1 अप्रैल 2026 को कॉलेज परिसर में आयोजित एक सांस्कृतिक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान गायक मासूम शर्मा ने मंच से अभद्र, अश्लील एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और आम लोगों की भावनाएं आहत हुईं।



इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला-



पुलिस ने शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 63/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 352, 79 और 351(3) में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना स्थल डीएवी पीजी कॉलेज, करनपुर परिसर बताया गया है।



पुलिस ने शुरू की जांच-



थाना डालनवाला पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच के उपरांत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच नाराजगी का माहौल देखा जा रहा है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2