देवभूमि पीएम के भव्य स्वागत को उत्साहित: भाजपा
रोड शो और जनसभा मे शिरकत कर विकास योजनाओं के लिए जनता करेगी आभार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 11 Apr, 2026 09:32 PMदेहरादून।
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रस्तावित रोड शो और जनसभा ऐतिहासिक व अभूतपूर्व होगी। पार्टी का दावा है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन अवसर पर लाखों लोग कार्यक्रम में शामिल होकर विकास योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताएंगे।
शनिवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के देवभूमि आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों में जबरदस्त उत्साह है। इस बार प्रधानमंत्री राज्य को एक्सप्रेसवे समेत कई विकास योजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं, जिससे उत्साह और बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड दौरा संख्या और भव्यता दोनों दृष्टियों से ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री का देवभूमि में पहला रोड शो भी आयोजित होगा।
भाजपा नेता ने बताया कि लगभग 12 से 14 किलोमीटर लंबा रोड शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देगी। रोड शो मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक नृत्य तथा पारंपरिक संगीत के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत मां डाट काली मंदिर में दर्शन और पूजन से करेंगे। यह मंदिर देहरादून और उत्तराखंड की जनता के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है।
भाजपा के अनुसार रोड शो के बाद प्रधानमंत्री गढ़ी कैंट, देहरादून में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे।
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के लिए बड़ी सौगात है। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय घटकर करीब 2.5 से 3 घंटे रह जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे में वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष कॉरिडोर भी बनाए गए हैं। भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उत्तराखंड के विकास इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा और डबल इंजन सरकार के संकल्पों को नई ऊर्जा देगा।


No Previous Comments found.