उत्तराखंड : निकाय कर्मियों के सम्मान में सीएम धामी, बोले—विकास की रीढ़ हैं कर्मचारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 1 Apr, 2026 07:00 PM
उत्तराखंड : निकाय कर्मियों के सम्मान में सीएम धामी, बोले—विकास की रीढ़ हैं कर्मचारी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार निकाय कर्मचारियों के सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा उनकी सभी समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों में कई महत्वपूर्ण निर्णय पहले ही लिए जा चुके हैं और आगे भी सकारात्मक कदम उठाए जाते रहेंगे।


बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों द्वारा व्यक्त सम्मान के प्रति आभार जताया और इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित बताया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जबकि नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है। उनके अथक प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और सेवा भाव को उन्होंने मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, ऐसे में चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे आयोजनों के दौरान नगर निकायों की भूमिका और अधिक बढ़ जाती है।


मुख्यमंत्री ने बताया की राज्य सरकार द्वारा निकाय कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों के हित में कई अहम फैसले लिए गए हैं। इनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय ₹500 प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय, वर्दी और स्नोबूट के लिए ₹2500 की सहायता, स्वास्थ्य एवं कल्याण योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान, ₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस लागू करना और ईपीएफ-ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश शामिल हैं। साथ ही संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000 किया गया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘अमृत योजना’, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर प्रदेश के समग्र विकास को गति दे रही है।


उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मान देते हुए उनके कल्याण के लिए ‘नमस्ते योजना’ और ‘आयुष्मान भारत योजना’ जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं।


इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक संतोष गौरव, नरेश वेद सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2