मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए दी ₹8 करोड़ से अधिक की वित्तीय मंजूरी
अल्मोड़ा में गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण, रुद्रपुर तहसील भवन और टिहरी की विकास योजनाओं को मिली स्वीकृति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Jul, 2026 09:10 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए ₹8 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में धार्मिक स्थलों के विकास, प्रशासनिक भवन निर्माण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र स्थित कलझीपा जोशी में गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ मंदिर परिसर का समग्र विकास करना है।
इसके अलावा उधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में नए तहसील भवन के निर्माण के लिए ₹13.50 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करते हुए पहली किस्त के रूप में ₹5.40 करोड़ जारी करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने दिया है। इस परियोजना से प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नई टिहरी विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण ग्रामीण विकास परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। ग्राम पंचायत सिलकोट में जंगली जानवरों से फसलों और आबादी की सुरक्षा के लिए घेरबाड़, सुरक्षा दीवार तथा सोनकिल नामे तोक से कुएं तक सीसी रेलिंग मार्ग के निर्माण हेतु ₹93.85 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं ग्राम पुलिया नामे, पंचायत खड़ीखाल में सड़क से सारी केमर गांव के डाबरा पानी तोक तक आरसीसी खड़िंजा रेलिंग मार्ग के निर्माण के लिए ₹52.06 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन स्वीकृतियों से संबंधित क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Development #Almora #Rudrapur #Tehri #Infrastructure #FinancialApproval #YugvartaNews



No Previous Comments found.