आपदा तैयारी को धार: एसडीएमपी–डीडीएमपी अंतिम चरण में
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Feb, 2026 08:27 PMदेहरादून। राज्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) एवं जनपद आपदा प्रबंधन योजनाओं (डीडीएमपी) को अद्यतन किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस संबंध में मंगलवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें योजनाओं के अद्यतन कार्य की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि राज्य तथा जनपद आपदा प्रबंधन योजनाओं का कार्य लगभग पूर्ण है और शीघ्र ही इन्हें प्रकाशित किया जाएगा। सचिव आपदा प्रबंधन ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, बदलते जलवायु परिदृश्य, नई तकनीकों के समावेशन तथा पूर्व आपदाओं से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए एसडीएमपी एवं डीडीएमपी का नियमित अद्यतन अत्यंत आवश्यक है।
अद्यतन योजनाओं में जोखिम मूल्यांकन, संसाधन मैपिंग, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, सामुदायिक सहभागिता और विभागीय समन्वय को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित हो सके। योजनाओं को फील्ड स्तर पर अधिक व्यावहारिक और क्रियान्वयन योग्य बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग और जनपद प्रशासन योजनाओं के अद्यतन में सक्रिय सहयोग करें तथा स्थानीय चुनौतियों और आवश्यकताओं को योजनाओं में समुचित रूप से शामिल किया जाए। बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी, वित्त नियंत्रक अभिषेक कुमार आनंद, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.