उत्तराखंड कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता 58% से बढ़ाकर 60% किया गया

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 15 May, 2026 07:44 PM
उत्तराखंड कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता 58% से बढ़ाकर 60% किया गया

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की तर्ज पर 1 जनवरी 2026 से राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनरों को मिलने वाले महंगाई भत्ते की दर 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

राज्य सरकार के इस फैसले से हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से कर्मचारियों के वेतन और पेंशन में इजाफा होगा।

विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹50 करोड़ से अधिक की स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आवासीय और आधारभूत विकास योजनाओं के लिए ₹50 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है।

स्वीकृत योजनाओं के तहत जनपद चम्पावत के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप-द्वितीय के छह आवासों और चहारदीवारी निर्माण के लिए ₹3.13 करोड़ की मंजूरी दी गई है। वहीं जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित फायर स्टेशन में टाइप-द्वितीय के 64, टाइप-तृतीय के 8 और टाइप-चतुर्थ के 4 आवासों के निर्माण के लिए ₹36.64 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा जनपद चम्पावत के थाना रीठासाहिब में टाइप-द्वितीय के 6 तथा टाइप-तृतीय के 1 आवास के निर्माण हेतु ₹3.47 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने जनपद अल्मोड़ा के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए ₹5.91 करोड़ तथा जनपद चमोली के थराली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण के लिए ₹61.57 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन दिया है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन विकास कार्यों से आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2