सेवा पखवाड़ा बना सुशासन का मॉडल, एक दिन में 4,470 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Jul, 2026 10:34 PMदेहरादून। उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बुधवार को प्रदेशभर में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविरों में हजारों लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविरों में न केवल पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ दिया गया, बल्कि बड़ी संख्या में जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण भी किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित इस अभियान के तहत अल्मोड़ा, बागेश्वर, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर सहित कई जिलों में जनसेवा शिविर, जनजागरूकता कार्यक्रम और विकास प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन-प्रशासन की सीधी पहुंच सुनिश्चित की गई।
शिविरों में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, स्वरोजगार, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, शिक्षा, राजस्व, विद्युत, पेयजल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आयुष, सेवायोजन, दुग्ध विकास, मत्स्य और सहकारिता समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं।
लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, आधार एवं प्रमाण-पत्र निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, महालक्ष्मी किट, कृषि एवं उद्यान सहायता, पशुपालन एवं डेयरी योजनाएं, रोजगार पंजीकरण, छात्रवृत्ति और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
अभियान के दौरान प्रदेशभर में करीब 5,300 से अधिक लोगों ने शिविरों में भागीदारी की, जबकि 4,470 से अधिक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला। शिविरों में 415 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 179 से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जिलावार भागीदारी में अल्मोड़ा में लगभग 1,300, हरिद्वार में 1,130, ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में 1,150, नैनीताल में 510, चंपावत में 440, बागेश्वर में 205, उत्तरकाशी में 185, पौड़ी में 128 तथा चमोली के कर्णप्रयाग और कनोल में 350 से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविरों के दौरान जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों ने लाभार्थियों से संवाद कर अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कई स्थानों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक सुशासन और जनसेवा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सरकार की कार्यसंस्कृति है। जनसेवा शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनका समय, श्रम और धन बच रहा है तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



No Previous Comments found.