उत्तराखंड में बढ़ेगा पारा, हरिद्वार-ऊधम सिंह नगर में 40°C पार का अलर्ट
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 May, 2026 11:17 PMदेहरादून। उत्तराखंड में आगामी दिनों में गर्मी का असर तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में क्रमिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। विशेष रूप से हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस अथवा उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
संभावित हीट वेव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी), उत्तराखंड ने सभी जिलों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 18 मई को हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चम्पावत और अल्मोड़ा में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने का अनुमान है, जबकि ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत और चमोली के निचले क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
20 मई को हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है। इसके अलावा देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तथा टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का पूर्वानुमान है।
21 और 22 मई को भी गर्मी का असर बरकरार रहने की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह सकता है, जबकि देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तथा टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा और चम्पावत में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि अत्यधिक गर्मी के प्रभाव को देखते हुए आमजन को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए। विशेष रूप से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह व्यापक स्तर पर प्रचारित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी जनित बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पेयजल और विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने, विद्यालयों, निर्माण स्थलों एवं बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।



No Previous Comments found.