केंद्रीय कृषि मंत्री से मिले गणेश जोशी, उत्तराखंड के लिए 25 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी करने का किया आग्रह
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 May, 2026 02:12 PMनई दिल्ली, 27 मई। उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्य में कृषि विकास एवं किसानों के हितों से संबंधित योजनाओं को गति देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का आग्रह किया।
बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने राज्य में कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ (फेंसिंग) योजना के तहत घोषित 90 करोड़ रुपये की धनराशि के संदर्भ में पहली किश्त के रूप में 25 करोड़ रुपये शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के किसानों को जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही गणेश जोशी ने आगामी खरीफ सत्र को ध्यान में रखते हुए जून माह में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को आमंत्रित किया। केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमति व्यक्त की।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि प्रस्तावित राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में प्रदेशभर के किसानों के साथ कृषि वैज्ञानिकों, कृषि आधारित स्टार्टअप्स, उद्यमियों और विभागीय स्टॉलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उनके अनुसार, यह आयोजन “प्रयोगशाला से खेत तक” की अवधारणा को मजबूत करेगा और किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेगा, जिससे कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्पादकता को बढ़ावा मिलेगा।



No Previous Comments found.