उत्तराखंड : धामी सरकार ने खोला विकास का खजाना, 213 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Jun, 2026 06:44 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास, कुम्भ मेला-2027 और नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों, पेयजल योजनाओं, सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए कुल 213 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने नंदा देवी राजजात यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत चमोली जिले के नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 8.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं कुम्भ मेला-2027 की पुलिस व्यवस्था के लिए प्रस्तावित 35 करोड़ रुपये की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और अवसंरचना विकास को गति देते हुए रुद्रपुर के बिंदुखेड़ा-रायपुर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण, देहरादून में रिस्पना पुल से धर्मपुर चौक तक तीन लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, अल्मोड़ा के जागेश्वर क्षेत्र में शहीद लांस नायक दिनेश सिंह मोटर मार्ग तथा रुद्रप्रयाग के ताला-बरंगाली मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्यों के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना, सल्ट क्षेत्र में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण तथा धारचूला क्षेत्र में मंदिर परिसर के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी है।
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रुद्रप्रयाग की अगस्त्यमुनि नगर पंचायत की छेनागाड़ पेयजल योजना हेतु 55.22 करोड़ रुपये तथा देहरादून के गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप खनन एवं संबंधित कार्यों के लिए 2.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बागेश्वर जिले में देवलधार-माईथान-लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग निर्माण, द्वाराहाट क्षेत्र में राम पादुका मंदिर स्नान घाट निर्माण तथा सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की गई है। हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में श्मशान घाट की बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने फसल ऋण, वाणिज्यिक फसलों और सहकारी क्षेत्र की मिलों के लिए प्रावधानित राशि में से 81.47 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है, जिससे किसानों को राहत और आर्थिक मजबूती मिलेगी।
उधमसिंहनगर के सितारगंज क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विकासखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत ढांचे, पेयजल, कृषि और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।



No Previous Comments found.