हरिद्वार में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, 13 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां

आयुक्त आनंद स्वरूप ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Jul, 2026 09:42 PM
हरिद्वार में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, 13 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान-2026 को लेकर गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने शनिवार को तहसील सभागार में विधानसभा क्षेत्र भगवानपुर (अनुसूचित जाति) की विधायक ममता राकेश एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके बाद 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी करने और प्राप्त दावों-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि हरिद्वार जनपद की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। मतदाता सूची का अवलोकन बीएलओ, तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में किया जा सकता है। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से बीएलओ या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मृत्यु, स्थान परिवर्तन या नाम, पता एवं अन्य विवरण में त्रुटि होने की स्थिति में संशोधन अथवा विलोपन के लिए भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार जिले में वर्तमान में 12,46,219 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6,64,795 पुरुष, 5,81,323 महिला और 101 अन्य मतदाता शामिल हैं।

आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों के साथ-साथ ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों से उपलब्ध कराई गई सूचियों का अध्ययन कर समयबद्ध तरीके से सुझाव और आपत्तियां प्रस्तुत करने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी बीएलओ और एईआरओ के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। प्राप्त प्रत्येक आपत्ति की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों का नाम सूची में शामिल न हो।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मतदाता सूची संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसीलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं तथा अब तक प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जा चुका है।

बैठक में विधायक ममता राकेश, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, तहसीलदार दयाराम, वीरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, एईआरओ, बीएलओ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Haridwar #VoterList #ElectionCommission #SpecialRevision #Uttarakhand #Garhwal #Election2026 #YugvartaNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2