उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 8 Jul, 2026 10:32 PM
उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में भारी से अत्यधिक वर्षा की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड में रखने, सड़क मार्गों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेष रूप से पर्वतीय और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करने तथा नदी-नालों और बरसाती गधेरों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहते हुए आवश्यक संसाधन और मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2