आधुनिक खेती अपनाएं, आत्मनिर्भर बनें किसान: प्रदीप बत्रा
रुड़की में किसान वैज्ञानिक चौपाल आयोजित, किसानों को कृषि किट, उन्नत खाद और पशुओं की दवाइयों का निःशुल्क वितरण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Jun, 2026 07:59 PMरुड़की। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही आत्मनिर्भर भारत की सबसे मजबूत नींव है और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अन्नदाता अपनी आय बढ़ाने के साथ आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हैं।
इसी उद्देश्य के साथ रुड़की के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, शेरपुर में ‘किसान वैज्ञानिक चौपाल’ का आयोजन किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक और सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाजसेविका मनीषा बत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री प्रदीप बत्रा ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, सॉइलेस फार्मिंग, मशरूम उत्पादन, उन्नत सब्जी उत्पादन, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे आय बढ़ाने वाले विकल्पों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेती को परंपरागत तरीके से आगे बढ़ाने के साथ अब नई तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता बन चुका है।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं चला रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि अन्नदाता आर्थिक रूप से मजबूत बने और खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत किसानों को कृषि किट, उन्नत खाद और पशुओं के लिए निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस दौरान मौजूद कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती के तरीके अपनाने, उत्पादन लागत कम करने और कृषि से जुड़े नए आय स्रोत विकसित करने से संबंधित तकनीकी जानकारी दी।
चौपाल में उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद के निदेशक संजय कुमार, वैज्ञानिक डॉ. सुमित पुरोहित, निर्देश सैनी, सोहनलाल, जोगिंदर कुमार, ग्राम प्रधान अनुज सैनी, डॉ. शिवप्रसाद मौर्य, अभिषेक गया, पंतनगर विश्वविद्यालय की टीम, रुड़की के विभिन्न मंडल अध्यक्ष, शेरपुर के पार्षद सहित बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किसानों को नई तकनीकों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाने और भविष्य की कृषि को आधुनिक एवं टिकाऊ स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।



No Previous Comments found.