डबल इंजन सरकार ने विकास और जनकल्याण को दी नई गति: CM धामी
खटीमा में “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गिनाईं केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां, लाभार्थियों को बांटे विभिन्न योजनाओं के लाभ
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Jun, 2026 06:38 PMखटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते वर्षों में गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में ऐतिहासिक फैसले लेकर देश को नई दिशा देने का कार्य किया है, जबकि उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है।
रविवार को अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का फूलमालाओं, थारू सांस्कृतिक नृत्य और अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हाथों निर्मित पंचमुखी हनुमान की तस्वीर मुख्यमंत्री को भेंट की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना के तहत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर शुभारंभ भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन योजना, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर ऐतिहासिक पहल की है, जबकि नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
धामी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इसी सोच को मजबूत करने का माध्यम है।
खटीमा को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और सुविधाएं भी प्रदान की गईं। मत्स्य विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को कुल 3 लाख रुपये की सहायता दी गई, जबकि कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को फार्म मशीनरी बैंक स्थापना के लिए लाखों रुपये का अनुदान प्रदान किया। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ दिया तथा सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल योजना के तहत लाभार्थियों को शून्य ब्याज पर ऋण के चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.