उत्तराखंड में जनगणना कार्य की प्रगति संतोषजनक: मृत्युंजय कुमार नारायण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 May, 2026 07:13 PMदेहरादून, 14 मई। भारत के महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त Mrityunjay Kumar Narayan ने उत्तराखंड में चल रहे जनगणना कार्य की प्रगति पर संतोष जताया है। गुरुवार को उन्होंने देहराखास क्षेत्र के कुछ घरों में पहुंचकर जनगणना प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया और फील्ड स्टाफ से कार्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समेत पूरे देश में लोग जनगणना अभियान को लेकर उत्साह दिखा रहे हैं, जो सराहनीय है।
पहली बार डिजिटल फॉर्मेट में हो रही जनगणना
मीडिया से बातचीत में महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे आंकड़ों की गुणवत्ता बेहतर होगी और त्रुटियों को आसानी से सुधारा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस बार लोगों को स्वगणना का विकल्प भी दिया गया है और देशभर में करोड़ों लोग इस सुविधा का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में स्वगणना की भूमिका और अधिक मजबूत होगी।
चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया, लेकिन जल्द मिलेंगे परिणाम
मृत्युंजय कुमार नारायण ने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना कराना निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ इसमें जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि फील्ड स्टाफ के पास ऑफलाइन डेटा संग्रह का विकल्प भी मौजूद है, लेकिन अंततः सभी आंकड़ों को डिजिटल फॉर्मेट में ही परिवर्तित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के किसी भी हिस्से से कानून-व्यवस्था या तकनीकी कारणों से जनगणना कार्य प्रभावित होने की सूचना नहीं मिली है। डिजिटल प्रणाली के चलते इस बार जनगणना के परिणाम पहले की तुलना में जल्द सामने आने की उम्मीद है।
फील्ड स्टाफ से ली जानकारी
देहराखास में निरीक्षण के दौरान महा रजिस्ट्रार ने सुपरवाइजर भूपेंद्र सिंह बिष्ट और प्रगणक हसीना जैदी से जनगणना कार्य को लेकर बातचीत की। उन्होंने पूछा कि कहीं किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं आ रही और लोगों को उनकी सूचनाओं की गोपनीयता के बारे में सही तरीके से बताया जा रहा है या नहीं। फील्ड स्टाफ ने उन्हें बताया कि पूरा कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।
इस दौरान स्थानीय निवासी हर्षिता तिवारी और अर्पणा शुक्ला ने भी जनगणना अभियान में सहयोग को जरूरी बताते हुए इसे देशहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।
जनगणना निदेशालय के नए भवन का उद्घाटन
महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने देहराखास में जनगणना कार्य निदेशालय के नए कार्यालय भवन का उद्घाटन भी किया। अब तक निदेशालय का संचालन मातावाला बाग स्थित किराये के भवन से किया जा रहा था।
इस अवसर पर जनगणना कार्य सचिव दीपक कुमार, निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेंद्र सिंह नेगी, उपनिदेशक तान्या सेठ, प्रवीण कुमार, आरके बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार और अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



No Previous Comments found.