उत्तराखंड : हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धार्मिक स्थलों से हटवाए गए 94 लाउडस्पीकर
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में चला विशेष अभियान, ध्वनि मानकों का पालन नहीं करने पर दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Jul, 2026 10:01 PMहरिद्वार। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि में संचालित हो रहे 94 लाउडस्पीकर धार्मिक स्थलों से हटवाए। पुलिस ने संबंधित प्रबंधन समितियों और जिम्मेदार व्यक्तियों को भविष्य में बिना अनुमति अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर लाउडस्पीकर संचालित नहीं करने की चेतावनी भी दी।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे 31 लाउडस्पीकर शहर क्षेत्र तथा 63 लाउडस्पीकर देहात क्षेत्र से हटवाए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों, प्रबंधकों और समितियों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि बिना सक्षम अनुमति या निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर संचालित पाए गए, तो संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों के विरुद्ध प्रचलित कानूनों एवं नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों में हस्तक्षेप करना नहीं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Haridwar #HaridwarPolice #NoisePollution #Loudspeaker #SupremeCourt #Uttarakhand #LawAndOrder #YugvartaNews



No Previous Comments found.