केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं : मुख्यमंत्री
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 May, 2026 04:06 PMरुद्रप्रयाग, 08 मई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्री केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा और यह श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा। “देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय” की भावना के साथ शुरू किए गए इस अस्पताल से केदारनाथ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिसके माध्यम से लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है। इसी भावना के साथ सरकार देवभूमि में स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बदरी-केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कपरवान, श्री केदार सभा अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, कर्नल अजय कोटियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.