बाबा साहेब के आदर्शों पर चल रही सरकार : धामी
रुद्रप्रयाग में जयंती कार्यशाला में बोले मुख्यमंत्री, उत्तराखंड में UCC लागू होने का किया जिक्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Apr, 2026 10:55 PMरुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों के अनुरूप संविधान की मूल भावना को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी प्रयास का परिणाम है कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई।
मुख्यमंत्री गुरुवार को रुद्रप्रयाग में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने जीवनभर सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों की स्थापना के लिए कार्य किया। उनके विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सरकार उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर राज्य ने सामाजिक समरसता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। यह कानून संविधान की मूल भावना के अनुरूप सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने बाबा साहेब के विचारों और आदर्शों की उपेक्षा की। आज जरूरत है कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समान अवसर और न्याय की व्यवस्था मजबूत की जाए।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No Previous Comments found.