दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर बनेगा रोजगार और पर्यटन का नया द्वार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 14 Apr, 2026 09:43 PM
दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर बनेगा रोजगार और पर्यटन का नया द्वार

देहरादून, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण के साथ ही उत्तराखंड के लिए विकास, रोजगार और पर्यटन का नया अध्याय शुरू हो गया है। यह परियोजना केवल सड़क संपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला “ग्रीन कॉरिडोर” साबित होने जा रही है।


इस कॉरिडोर के शुरू होने से अब दिल्ली से देहरादून का सफर लगभग ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे चारधाम यात्रा, कॉर्बेट नेशनल पार्क, राजाजी नेशनल पार्क, मसूरी, टिहरी और उत्तराखंड के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने से राज्य में बड़ी संख्या में सैलानियों के आने की उम्मीद है।


यह इकोनॉमिक कॉरिडोर पहाड़ और मैदान के बीच दूरी कम करते हुए किसानों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को बड़े बाजारों से जोड़ने का मजबूत माध्यम बनेगा। राज्य के पारंपरिक और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद अब कम समय और कम लागत में देश के प्रमुख शहरों तक पहुंच सकेंगे।


हर्षिल के प्रसिद्ध सेब, जोशीमठ और चकराता की राजमा, पुरोला के लाल चावल तथा रुद्रप्रयाग के बुरांश का जूस जैसे उत्पादों को इस परियोजना से सीधा लाभ मिलेगा। परिवहन लागत घटने से किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।


कॉरिडोर के प्रभाव से राज्य में कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउसिंग, फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स और एग्री-लॉजिस्टिक्स जैसे सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और छोटे एवं मध्यम उद्योगों को नई गति मिलेगी।


विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना पलायन की समस्या कम करने में भी मददगार साबित हो सकती है, क्योंकि स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे।


पर्यटन क्षेत्र के लिए भी यह कॉरिडोर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण देश-विदेश के पर्यटक अब उत्तराखंड के दूरस्थ और प्राकृतिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे होटल उद्योग, स्थानीय व्यापार, टैक्सी सेवाओं और हस्तशिल्प कारोबार को नई ऊर्जा मिलेगी।


दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को उत्तराखंड के लिए विकास, पर्यटन और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला माना जा रहा है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2