उत्तराखंड बनेगा फिल्म शूटिंग हब, मधुर भंडारकर से बोले धामी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Apr, 2026 11:44 PM
उत्तराखंड बनेगा फिल्म शूटिंग हब, मधुर भंडारकर से बोले धामी

देहरादून, 12 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। आधुनिक फिल्म नीति, सब्सिडी, टैक्स छूट और सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए प्रदेश को अग्रणी फिल्म शूटिंग हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी गंतव्य बनाने, निवेश आकर्षित करने तथा राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण फिल्म निर्माण के लिए बेहद उपयुक्त राज्य है। यहां की वादियां, झीलें, धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक लोकेशन फिल्म निर्माताओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उद्योगोन्मुख फिल्म नीति के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स छूट और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया को काफी आसान किया गया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में अब तक अनेक हिंदी फिल्मों, क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज की शूटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है। इससे प्रदेश देश के प्रमुख फिल्म निर्माण स्थलों में तेजी से उभरकर सामने आया है।


उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है, जो राज्य सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं की सफलता का प्रमाण है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न जनपदों में लोकेशन बैंक तैयार किया गया है, जिसमें पर्वतीय क्षेत्र, झीलें, वन क्षेत्र, ऐतिहासिक स्थल और धार्मिक धाम शामिल हैं। इससे फिल्म निर्माताओं को विविध लोकेशन एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही हैं।


उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को फिल्म निर्माण प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही फिल्म एवं मीडिया से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म सिटी के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे फिल्म निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया राज्य के भीतर ही संचालित हो सके। साथ ही फिल्म महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित कर राज्य की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत की जा रही है।


इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भविष्य में उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग करने की इच्छा भी व्यक्त की।


मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि फिल्म उद्योग से जुड़े ये प्रयास न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे, बल्कि पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2