उत्तराखंड : कोटद्वार को बड़ी सौगात: डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 11 Apr, 2026 09:23 PMकोटद्वार, 11 अप्रैल 2026।
विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं उनके नजदीकी स्थानों पर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में कोटद्वार में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र की शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम है।
शनिवार को विदेश मंत्रालय और भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में अनिल बलूनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम के तहत देशभर में 450 से अधिक POPSK और 93 PSK संचालित किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने केंद्र की स्थापना में योगदान के लिए सांसद अनिल बलूनी का आभार भी व्यक्त किया।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब पासपोर्ट सेवाओं के लिए दूर शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में ऋतु खंडूरी भूषण, विधायक दिलीप सिंह रावत, विधायक राज कुमार पोरी और महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विदेश मंत्रालय की ओर से संयुक्त सचिव एस. कोवेंथन, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरुप तथा डाक विभाग की ओर से निदेशक डाक सेवा अनुसूया प्रसाद चमोला सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर कुछ आवेदकों को प्रतीकात्मक रूप से पासपोर्ट वितरित किए गए। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे गढ़वाल क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने वाला बड़ा कदम बताया।


No Previous Comments found.