युवा वर्तमान भी, भविष्य भी: डीएवी कॉलेज में बोले सीएम धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 11 Apr, 2026 01:54 PMदेहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उनकी ऊर्जा, संकल्प और नवाचार की सोच ही भारत के विकास की दिशा तय करती है।
शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का मजबूत माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों से जुड़कर युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता शिक्षा संस्थानों से लेकर देश की सीमाओं तक राष्ट्रहित में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केंद्र में रखकर ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई शिक्षा नीति के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है। 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना, 20 मॉडल कॉलेजों का निर्माण, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नई भर्तियां भी की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डीएवी पीजी कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तल (प्रथम एवं द्वितीय) के निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, रामसिंह कैड़ा, विधायक उमेश कुमार, प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महामंत्री करन नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


No Previous Comments found.