सीएम धामी सख्त: जन समस्याओं के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 10 Apr, 2026 06:38 PM
सीएम धामी सख्त: जन समस्याओं के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं

देहरादून।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जनपद की विभिन्न विधानसभाओं से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अल्पकालिक कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, जबकि दीर्घकालिक योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाते हैं, इसलिए उन पर गंभीरता से कार्रवाई करना आवश्यक है। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि बहु-विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और इनकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी लाई जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित होंगी।


बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बरसात से पूर्व नालों की सफाई, सिल्ट हटाने और जल निकासी से जुड़े कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव और बाढ़ की स्थिति से निपटा जा सके। साथ ही, ग्रीष्मकाल में संभावित वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।


मुख्यमंत्री ने पेयजल और विद्युत आपूर्ति को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


बैठक के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनमें सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, मिनी खेल मैदान, फसलों की सुरक्षा, बाढ़ नियंत्रण और जलभराव जैसे मुद्दे शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने इन सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोड़ा, सरिता आर्य, मोहन सिंह बिष्ट, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2