धामी सरकार का विकास बूस्ट: साइबर सेंटर समेत योजनाओं के लिए 75 करोड़ की मंजूरी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Mar, 2026 08:52 PMमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों की चुनौतियों का सामना करने, अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, के साथ ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के पुनर्निर्माण आदि से संबंधित कार्यों हेतु 75 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों और चुनौतियों से निपटाने के लिए देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केन्द्र (साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के निर्माण हेतु ₹31.63 करोड़, जनपद उधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र किच्छा के अंतर्गत एनएच-109 में पं. राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मंदिर मोड़, सिडकुल एवं आनंदपुर होते हुए एसएच-44 तक सड़क पुनर्निर्माण हेतु ₹22.72 करोड़ के साथ राज्य योजना के अंतर्गत किच्छा के शिमला पिस्तौर-कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य हेतु ₹19.40 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री द्वारा उपसम्भागीय परिवहन कार्यालय, रुड़की के निर्माणाधीन भवन हेतु एप्रोच मार्ग निर्माण कार्य के लिए ₹1.30 करोड़, अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास योजनांतर्गत राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास, मसूरी (देहरादून) के भवन अनुरक्षण कार्य हेतु ₹67.42 लाख तथा जनपद उधम सिंह नगर के राजकीय जनजाति छात्रावास, खटीमा में ट्यूबवेल एवं मास्ट लाइट के कार्य हेतु ₹18.06 लाख की स्वीकृति के अनुमोदन प्रदान किया है।


No Previous Comments found.