चंपावत में खड़ी होली की गूंज, संस्कृति संरक्षण का संदेश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Feb, 2026 08:29 PMChampawat : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में कलश संगीत कला समिति द्वारा आयोजित खड़ी होली महोत्सव का वर्चुअल माध्यम से विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुमाऊँ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुमाऊँ अंचल की खड़ी होली और बैठकी होली केवल पर्व नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोकसंगीत और सामाजिक समरसता की सजीव अभिव्यक्ति हैं। पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही ये परंपराएं लोक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक एकता को सशक्त बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। पारंपरिक गीत, वाद्ययंत्र और सामूहिक सहभागिता नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराते हैं और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोककला, लोकभाषा और लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों, मेलों और महोत्सवों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच और अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊर्जा देंगे। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि कलश संगीत कला समिति जैसे प्रयास क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि को संरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, कलाकार और सांस्कृतिक प्रेमी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.