धामी सरकार की झीलों पर बड़ा दांव: भीमताल-नौकुचियाताल के सौंदर्यीकरण पर ₹46 करोड़ से अधिक खर्च
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 May, 2026 11:21 PMदेहरादून/नैनीताल, 30 मई। उत्तराखंड की धामी सरकार नैनीताल जिले की झीलों को नई पहचान देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, झीलों के संरक्षण और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भीमताल, नौकुचियाताल और कमलताल क्षेत्र में 46 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य प्रस्तावित है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने झीलों के पुनर्विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़ी संचालित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
भीमताल झील के सौंदर्यीकरण की बड़ी योजना
भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए करीब ₹25.67 करोड़ की डीपीआर तैयार की गई है। योजना के तहत झील क्षेत्र के प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, दीनदयाल पार्क के पास बोटिंग डॉक का विकास, लगभग 4210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग और स्ट्रीट फर्नीचर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नौकुचियाताल में बढ़ेंगी पर्यटन सुविधाएं
नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग ₹20.97 करोड़ की योजना प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग सुविधा, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, गज़ीबो, व्यूपॉइंट्स, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कमलताल बनेगा नया पर्यटन आकर्षण
कमलताल क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विकास की भी योजना तैयार की गई है। यहां ओपन शॉपिंग सेंटर (प्लाजा), 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग, सोलर लाइटिंग और लैंडस्केपिंग जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
भवाली में मल्टीलेवल पार्किंग का काम अंतिम चरण में
भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में मल्टीलेवल कार पार्किंग और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य लगभग 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत बेसमेंट में पार्किंग तथा भूतल और प्रथम तल पर करीब 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।
नैनीताल शहर की पार्किंग व्यवस्था होगी मजबूत
मल्लीताल क्षेत्र में सरोवर पार्किंग निर्माण के लिए लगभग ₹42.77 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई है, जिसके तहत 605 चारपहिया और 202 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। वहीं, नैनीताल क्लब के समीप नगर पालिका भूमि पर ₹30.43 करोड़ की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है, जिसमें 202 चारपहिया और 96 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर कार्य शुरू नहीं हुआ है, वहां शीघ्र काम शुरू कराया जाए और आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में बदलाव पर भी विचार किया जाए। साथ ही नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल पर पूर्व में स्वीकृत धनराशि का उपयोग कर पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने से नैनीताल जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम हो सकेगी।



No Previous Comments found.