उत्तराखंड : मसूरी में पेयजल संकट पर सख्त हुए गणेश जोशी, 24 घंटे में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सड़क निर्माण, सीवर, मॉल रोड सुधार और ई-ऑटो सेवा पर समीक्षा; अधिकारियों को समयबद्ध विकास कार्य पूरे करने को कहा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 Jun, 2026 07:24 PMमसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी में पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर पेयजल आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए और पानी की लाइनों में लीकेज की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंगलवार को मसूरी नगर पालिका टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल, सड़क और सीवर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की पाइपलाइन में होने वाले लीकेज को चिन्हित कर तत्काल मरम्मत की जाए, ताकि जल की बर्बादी रोकी जा सके। साथ ही सप्ताह में एक दिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याओं की समीक्षा और समाधान की मॉनिटरिंग करने को कहा।
उन्होंने मसूरी में एसटीपी निर्माण, सीवर ट्रीटमेंट और पैचवर्क कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र में सड़क निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण कार्यों में तेजी लाने के साथ किमाड़ी मोटर मार्ग के निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा गया।
मॉल रोड जलभराव और पार्किंग योजनाओं की समीक्षा
बैठक में मॉल रोड के सुधारीकरण और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा इको पार्क और जीरो प्वाइंट पार्किंग योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बरसात के मौसम को देखते हुए मंत्री ने वन विभाग को ऐसे पेड़ों की पहचान कर समय रहते लॉपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जो दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मसूरी में शुरू होगा ई-ऑटो सेवा का ट्रायल रन
गणेश जोशी ने परिवहन विभाग को मसूरी में ई-ऑटो सेवा का ट्रायल रन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।
साथ ही देहरादून-मसूरी मार्ग पर संचालित टोल व्यवस्था को फास्टैग आधारित बनाने और पुराने विद्युत पोलों की शिफ्टिंग से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, उपजिलाधिकारी राहुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



No Previous Comments found.