रानीखेत में मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, रुद्रपुर में बनेगा 18 करोड़ का आधुनिक विकास प्राधिकरण कार्यालय

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Jul, 2026 08:17 PM
रानीखेत में मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, रुद्रपुर में बनेगा 18 करोड़ का आधुनिक विकास प्राधिकरण कार्यालय

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने रानीखेत में प्रस्तावित दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं और ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर में आधुनिक विकास प्राधिकरण कार्यालय के निर्माण को गति देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

रानीखेत में जाम से राहत के लिए दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाएं

समीक्षा बैठक में रानीखेत के गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र और रोडवेज स्टेशन के समीप प्रस्तावित दो बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं की तकनीकी एवं वित्तीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

गैस गोदाम-आशियाना पार्क के पास प्रस्तावित चार मंजिला पार्किंग का प्रारंभिक अनुमान 9.35 करोड़ रुपये था, जिसे तकनीकी संपरीक्षा के बाद 8.61 करोड़ रुपये तक उचित माना गया है। इस पार्किंग में 59 वाहनों के खड़े होने की सुविधा के साथ महिला और पुरुष शौचालय भी बनाए जाएंगे। यह क्षेत्र सदर बाजार के समीप होने के कारण पार्किंग की कमी से अक्सर जाम की समस्या का सामना करता है।

वहीं रोडवेज स्टेशन के निकट प्रस्तावित दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग का प्रारंभिक अनुमान 4.99 करोड़ रुपये था, जबकि तकनीकी समिति ने 4.80 करोड़ रुपये की लागत को उपयुक्त माना है। इस पार्किंग में 13 चारपहिया और 141 दोपहिया वाहनों, यानी कुल 154 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी। परियोजना के लिए छावनी परिषद रानीखेत से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी प्राप्त हो चुका है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, दोपहिया और चारपहिया पार्किंग के अनुपात, संभावित राजस्व, राजस्व साझेदारी मॉडल और प्रस्तावित स्थलों की उपयोगिता का विस्तृत परीक्षण कर संशोधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाए।

रुद्रपुर में बनेगा आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग कार्यालय

सचिव आवास ने दूसरी समीक्षा बैठक में ऊधमसिंहनगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन निर्माण परियोजना की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और भवन को आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

वर्तमान में विकास प्राधिकरण विकास भवन से संचालित हो रहा है और उसका स्वतंत्र कार्यालय नहीं है। प्रस्तावित भवन बनने के बाद मास्टर प्लान, प्रधानमंत्री आवास योजना, ट्रांसपोर्ट नगर सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं की निगरानी और प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी।

18 करोड़ की परियोजना, 50 प्रतिशत निर्माण पूरा

यह कार्यालय भवन रुद्रपुर तहसील के ग्राम कल्याणपुर में 8,740 वर्गमीटर भूमि पर बनाया जा रहा है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 18.01 करोड़ रुपये है। वर्तमान में निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 50 प्रतिशत, जबकि वित्तीय प्रगति 20 प्रतिशत दर्ज की गई है।

भवन में सोलर एनर्जी सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) सहित पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कुल भूमि के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से में भवन निर्माण होगा, जबकि शेष क्षेत्र में पार्किंग और लैंडस्केपिंग की व्यवस्था की जाएगी।

परियोजना को भारत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की स्वीकृत 93 परियोजनाओं में शामिल किया है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जबकि शेष राशि प्राधिकरण की अवस्थापना निधि से खर्च की जा रही है।

सचिव बोले— बेहतर शहरी सुविधाओं और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि रानीखेत जैसे प्रमुख पर्यटन और व्यापारिक नगरों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाओं की तकनीकी और वित्तीय समीक्षा के बाद अधिकारियों को व्यवहार्यता, राजस्व मॉडल और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप संशोधित प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से रानीखेत में यातायात जाम की समस्या कम होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं रुद्रपुर में बनने वाला नया विकास प्राधिकरण कार्यालय आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #Ranikhet #Rudrapur #HousingDepartment #RajeshKumar #MultilevelParking #GreenBuilding #UrbanDevelopment #PushkarSinghDhami #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2