उत्तराखंड : हरिद्वार कार्यक्रम में नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र, 162 शरणार्थियों को मिला भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 7 Mar, 2026 04:19 PMहरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण पहलें और घोषणाएं की गईं। इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस में नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, साथ ही पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
नव नियुक्त आरक्षियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस में चयनित आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मंच पर अमन सिंह, आकाश, अभय चौहान, अर्जुन नाथ गोस्वामी और योगेश नाथ को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस दौरान उन्होंने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
162 शरणार्थियों को मिला नागरिकता प्रमाणपत्र
कार्यक्रम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारत की नागरिकता का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। इनमें पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित सिद्धपीठ हिंगलाज माता मंदिर के पुजारी परिवार से जुड़े शैलेश, भट्टाग्राम (पाकिस्तान) से आए जसपाल कुमार, कराची में महिलाओं पर होने वाले उत्पीड़न से परेशान होकर भारत आईं दुर्गानाथ टी. राजपूत तथा अफगानिस्तान से आईं हंसेरी बाई को मंच पर नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपा गया।
उत्तराखंड में ‘ई-जीरो एफआईआर’ प्रणाली का शुभारंभ
केंद्रीय गृह मंत्री ने इस अवसर पर उत्तराखंड में ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का भी शुभारंभ किया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के तहत शुरू की गई यह व्यवस्था विशेष रूप से एक लाख रुपये से अधिक की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित की गई है।
इस प्रणाली के तहत अब 1930 हेल्पलाइन या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतें देहरादून स्थित राज्य साइबर पुलिस स्टेशन में ई-जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज होंगी। इसके बाद यह मामला सीसीटीएनएस प्रणाली के माध्यम से संबंधित थाने को तुरंत भेज दिया जाएगा।
इस व्यवस्था से पुलिस को ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान त्वरित कार्रवाई करने, साक्ष्य एकत्र करने और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को फ्रीज़ करने में मदद मिलेगी, जिससे साइबर धोखाधड़ी के मामलों में ठगी गई धनराशि की रिकवरी की संभावना बढ़ेगी।
‘विकल्प रहित संकल्प’ पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषणों के संकलन पर आधारित गिरजा शंकर जोशी की पुस्तक ‘विकल्प रहित संकल्प’ का भी विमोचन किया गया।
इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया।


No Previous Comments found.