एफसीआरए संशोधन विधेयक पर भाजपा का समर्थन, महेंद्र भट्ट बोले— विदेशी फंडिंग पर कड़ी निगरानी से राष्ट्रहित होगा मजबूत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Aug, 2026 09:58 PMदेहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने संसद में प्रस्तुत एफसीआरए (विदेशी अंशदान विनियमन) संशोधन विधेयक का समर्थन करते हुए इसे देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता और विदेशी फंडिंग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि विधेयक के प्रभावी क्रियान्वयन से विदेशी फंडिंग के दुरुपयोग पर अंकुश लगेगा और उत्तराखंड में भी धर्मांतरण के उद्देश्य से होने वाली कथित गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
महेंद्र भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विभिन्न संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) को विदेशों से मिलने वाले आर्थिक सहयोग का उपयोग केवल निर्धारित और वैध उद्देश्यों के लिए होना चाहिए। उनका आरोप है कि कुछ मामलों में विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल सामाजिक कार्यों के बजाय गैरकानूनी और असामाजिक गतिविधियों के लिए भी किया जाता है।
भट्ट ने दावा किया कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ संस्थाएं सामाजिक गतिविधियों की आड़ में धर्मांतरण के प्रयास करती रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही सख्त धर्मांतरण कानून लागू कर ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई कर रही है और अब एफसीआरए कानून के सख्त प्रावधानों से विदेशी फंडिंग के माध्यम से होने वाले ऐसे प्रयासों पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
उन्होंने कहा कि एफसीआरए नियमों में प्रस्तावित संशोधनों का उद्देश्य विदेशी अंशदान में पूर्ण पारदर्शिता लाना, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन पर निगरानी बढ़ाना तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाहरी हस्तक्षेप से सुरक्षित रखना है। उनके अनुसार विदेशी धन का उपयोग किसी भी स्थिति में देश की आंतरिक शांति, सामाजिक सौहार्द या राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित करने के लिए नहीं होना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष का विरोध राजनीतिक कारणों से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ऐसे संगठनों के पक्ष में खड़ा दिखाई दे रहा है, जिनकी विदेशी फंडिंग को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि संशोधनों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों और संस्थाओं पर अधिक प्रभावी निगरानी संभव होगी।
महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में लाए गए इस विधेयक का स्वागत करते हुए सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रहित में इसका समर्थन करने की अपील की।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.