कांवड़ यात्रा से पहले सभी सड़क कार्य पूरे करें: प्रदीप बत्रा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 6 Jul, 2026 06:10 PM
कांवड़ यात्रा से पहले सभी सड़क कार्य पूरे करें: प्रदीप बत्रा

देहरादून, 06 जुलाई। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री प्रदीप बत्रा ने हरिद्वार क्षेत्र में आगामी कांवड़ यात्रा और वर्षाकाल को देखते हुए तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित निर्माण कार्य यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हरिद्वार क्षेत्र की सभी निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं, सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई एवं मरम्मत तथा अन्य बुनियादी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में हर की पैड़ी स्थित पंतदीप पार्किंग को जोड़ने वाले मार्ग पर नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को हरिद्वार से जोड़ने वाले सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे (एसपीयूआर) के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए एनएचएआई को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा में हर वर्ष लगभग चार से पांच करोड़ श्रद्धालु पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि यात्रा सरल, सुगम और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘गड्ढामुक्त उत्तराखंड’ विजन के अनुरूप हरिद्वार क्षेत्र की सभी सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। साथ ही कांवड़ यात्रियों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में अपर सचिव लोक निर्माण विभाग महावीर सिंह चौहान, विभागाध्यक्ष आर.सी. शर्मा, मुख्य अभियंता दयानंद सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2