मातृशक्ति के दम पर भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक: महेंद्र भट्ट

देहरादून में भाजपा महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने 2027 चुनावों के लिए महिला शक्ति की भूमिका को बताया निर्णायक

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 14 Jun, 2026 09:23 PM
मातृशक्ति के दम पर भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक: महेंद्र भट्ट

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी और आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी पहले से अधिक सशक्त होकर आगामी चुनावों में जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाओं में महिलाओं को केंद्र में रखकर काम किया गया है और यही महिला शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।


रविवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, देहरादून में आयोजित महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने यह बात कही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें महिला मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व, नवनियुक्त पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से आई महिला कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।


अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष ने महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराते हुए महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और उत्तराखंड सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किया है।


महेंद्र भट्ट ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने से लेकर लखपति दीदी योजना, मुद्रा लोन, जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य योजनाएं और अन्य गरीब कल्याणकारी कार्यक्रमों में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी महिलाओं के लिए आरक्षण और अनेक विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।


उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने सेवा भाव और सक्रियता से पहले से अधिक संख्या में माताओं, बहनों और बेटियों का आशीर्वाद प्राप्त करें, ताकि 2027 के चुनावों में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर सके।


बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के समर्पण और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महिलाओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और इसी ऊर्जा के साथ भाजपा जनसेवा के कार्यों को और तेज करेगी।


इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, मोर्चा प्रभारी शैलेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री हिमानी डिमरी वैष्णव, रश्मि रस्तोगी सहित महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों की महिला मोर्चा अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2