टीबी मुक्त भारत अभियान में सुस्ती स्वीकार नहीं, एक सप्ताह में 100% लक्ष्य पूरा करें : आनंद बर्द्धन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Jun, 2026 09:43 PMदेहरादून, 18 जून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश में चल रहे टीबी मुक्त भारत अभियान की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में मरीजों की सामान्य जांच आंकलन दर 60 प्रतिशत से कम है, वहां के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले एक सप्ताह के भीतर मरीजों की सामान्य जांच आंकलन प्रक्रिया को 100 प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए उच्च संवेदनशील एवं जोखिम वाले गांवों को प्राथमिकता के आधार पर कवर किया जाए। साथ ही डीजी हेल्थ स्तर पर अभियान की प्रतिदिन समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कम स्क्रीनिंग वाले जिलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के प्रथम तिमाही में पंजीकरण बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय रहते पहचान कर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने सभी जनपदों में एएनसी जांच बढ़ाने, जन्म प्रतीक्षा गृहों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर महिला एवं बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटरों का उपयोग करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने मानसून सीजन को देखते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में चिन्हित हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को बर्थ वेटिंग होम्स में शिफ्ट करने और प्रसव के बाद हाई रिस्क माताओं की पहचान व प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि रोकी जा सकने वाली मातृ मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनाई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, चंद्रेश कुमार यादव, डॉ. आर. राजेश Kumar, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पांडेय, डॉ. एस.एन. पांडेय, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त दीपक रावत, आनंद स्वरूप सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.