सऊदी अरब में फंसे टिहरी के इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल वापसी के लिए CM धामी ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र
बंधक जैसी स्थिति में होने का दावा, मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्रालय से मानवीय आधार पर तत्काल हस्तक्षेप और आवश्यक न्यायिक-आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का किया अनुरोध
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Aug, 2026 09:43 PMदेहरादून। सऊदी अरब में कथित रूप से बंधक जैसी स्थिति में रह रहे टिहरी गढ़वाल निवासी इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्रालय से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए नौटियाल को आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया है।
इंद्रमणि नौटियाल, पुत्र देवी राम नौटियाल, ग्राम गौरसाड़ा, ब्लॉक जौनपुर, जनपद टिहरी गढ़वाल के निवासी हैं। वह वर्ष 2018 में रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे और रियाद स्थित पिकक रोड्स एंड कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे।
2018 की सड़क दुर्घटना के बाद बढ़ी मुश्किलें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में कार्य अवधि के दौरान इंद्रमणि नौटियाल एक गंभीर सड़क दुर्घटना में शामिल हो गए थे। इसके बाद सऊदी अरब की न्यायिक प्रक्रिया के तहत उन्हें एक वर्ष के कारावास की सजा हुई। साथ ही ट्रक के बीमा और पंजीकरण संबंधी कमियों के संबंध में कंपनी मालिक पर 9 लाख सऊदी रियाल का जुर्माना लगाए जाने का निर्णय हुआ था। इसकी भारतीय मुद्रा में अनुमानित राशि करीब 2.29 करोड़ रुपये बताई गई है।
परिवार का आरोप है कि घटना के कई वर्ष बीतने के बावजूद कंपनी मालिक द्वारा जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसके चलते इंद्रमणि नौटियाल को कथित तौर पर बंधक जैसी परिस्थितियों में रखकर जुर्माने की रकम अदा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
परिवार ने कई स्तरों पर किए प्रयास
नौटियाल की पत्नी और पुत्री ने उनकी स्वदेश वापसी के लिए अपने स्तर से विभिन्न माध्यमों और संबंधित स्तरों पर प्रयास किए हैं। हालांकि, अपेक्षित सहायता नहीं मिलने के कारण परिवार लंबे समय से मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है।
विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप की अपील
मुख्यमंत्री धामी ने विदेश मंत्री को भेजे पत्र में पूरे प्रकरण का उल्लेख करते हुए इंद्रमणि नौटियाल को कथित बंधक जैसी स्थिति से मुक्त कराने, उन्हें आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी सकुशल भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में कठिन परिस्थितियों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावी हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई, ताकि इंद्रमणि नौटियाल को राहत मिल सके और उनके परिवार की अपने प्रियजन की सकुशल स्वदेश वापसी की उम्मीद पूरी हो सके।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #TehriGarhwal #SaudiArabia #IndramaniNautiyal #Jaishankar #UttarakhandNews #Yugvarta



No Previous Comments found.