कर्णप्रयाग विवाद पर बड़ा फैसला: दोनों केस हरिद्वार ट्रांसफर, पुलिस व्यवहार की जांच DIG करेंगे
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Jun, 2026 10:35 PMदेहरादून, 22 जून। उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस मुख्यालय ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए बड़े फैसले लिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने दोनों दर्ज मुकदमों की विवेचना चमोली से हरिद्वार जनपद स्थानांतरित कर दी है, जबकि स्थानीय पुलिस के कथित व्यवहार और आचरण के आरोपों की जांच एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 को चमोली जिले के कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में थाना कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को लेकर आईजी गढ़वाल रेंज की संस्तुति के आधार पर पुलिस मुख्यालय स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पुलिस मुख्यालय ने बताया कि घटना में घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर 20 जून 2026 को थाना कर्णप्रयाग में उनके साथ कथित मारपीट करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दोनों मामलों की विवेचना अब हरिद्वार पुलिस को सौंपी गई है। यह जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।
इसके अलावा, विभिन्न सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस पर लगाए गए कथित दुर्व्यवहार और आचरण संबंधी आरोपों की जांच डीआईजी यशवंत सिंह को सौंप दी गई है। उन्हें दो सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पूरे मामले पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है और प्रत्येक मामले में कानून के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी पवित्र यात्रा है, जिसे उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



No Previous Comments found.