उत्तराखंड : मुख्य सचिव ने किया बजरंग सेतु और हिलान्स भोजनालय का निरीक्षण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Jun, 2026 06:22 PMटिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जनपद के तपोवन स्थित बजरंग सेतु तथा नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण कर परियोजनाओं की प्रगति और स्थानीय आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने मुख्य सचिव को बजरंग सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने सेतु निर्माण कार्य की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, बिक्री और परियोजना से संबंधित वित्तीय विवरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोजनालय के संचालन के लिए रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ के माध्यम से एक लाख रुपये का योगदान प्राप्त हुआ है।
मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और मेनू को स्पष्ट एवं व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को सरकार द्वारा और अधिक सशक्त किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण, औद्योगिक विकास, खनन एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ तपोवन अंजलि तथा बीडीओ श्रुति वत्स सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.