उत्तराखंड : नेपाल सीमा पर बाढ़ सुरक्षा कार्य तेज करने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 May, 2026 10:57 PMखटीमा/देहरादून। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने गुरुवार को खटीमा पहुंचकर नेपाल सीमा से सटे मेलाघाट क्षेत्र में जगबूढ़ा नदी के भू-कटाव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया और बाढ़ सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां बाढ़ सुरक्षा कार्य अत्यधिक आवश्यक हैं, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में शीघ्र बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएं। साथ ही जिन स्थानों पर कार्य प्रस्तावित हैं, वहां का विस्तृत स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने को कहा, ताकि समय रहते आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान की जा सकें।
उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं और बाढ़ से जुड़ी आशंकाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद लोहियाहेड कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए विनोद कुमार सुमन ने निर्देश दिए कि वर्षाकाल शुरू होने से पहले सभी आवश्यक बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में भविष्य में कार्य कराए जाने हैं, उनके लिए पहले से योजना तैयार रखी जाए ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कोस्तुभ मिश्र और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने जानकारी दी कि नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी से एसएसबी चौकी और मेलाघाट-सिसैया क्षेत्र के बचाव के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य जरूरी हैं। इसके अलावा मोहम्मदपुर भुड़िया क्षेत्र को देवहा नदी के कटाव से बचाने के लिए भी सुरक्षा कार्य कराए जाने की आवश्यकता है।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि शासन स्तर पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।



No Previous Comments found.