ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखाया नए भारत का शौर्य: मुख्यमंत्री धामी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 May, 2026 08:29 PM
ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखाया नए भारत का शौर्य: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 11 मई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दून सैनिक इंस्टीट्यूट, गढ़ी कैंट में आयोजित “ऑपरेशन सिंदूर- शौर्य, सम्मान और वीरता” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के साहस, पराक्रम और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व और सेना के शौर्य के कारण आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय सेना के साहस, समर्पण और त्याग के कारण दुश्मन कभी भी भारत की ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान में संचालित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने भारत की ओर होने वाले सभी हमलों को विफल कर दिया और एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर नहीं गिरने दी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने चार दिनों के भीतर अपने पराक्रम से पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए भारत के सामने झुकने पर मजबूर कर दिया।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लगभग हर परिवार का सेना से भावनात्मक संबंध है, क्योंकि प्रदेश के प्रत्येक परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेना को आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक हथियारों से सुसज्जित किया जा रहा है तथा भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य देशों को भी रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के रक्षा निर्यात में 38 गुना की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है और देश दुनिया के 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण एवं हथियार उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि भारत के स्वदेशी हथियार दुनिया के किसी भी देश के हथियारों से बेहतर हैं।


उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जो दुश्मनों की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देना जानता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार सैनिकों के हित में लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। वन रैंक वन पेंशन योजना, नेशनल वॉर मेमोरियल का निर्माण, रक्षा बजट में वृद्धि और सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने जैसे कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में पांच गुना तक वृद्धि की है। साथ ही वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त और वार्षिक सम्मान राशि भी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित करने का निर्णय लिया है और सरकारी नौकरी के लिए आवेदन की समय सीमा को दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दिया गया है।


उन्होंने बताया कि वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों के लिए सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की स्थायी संपत्ति खरीदने पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की उस अटूट प्रतिज्ञा का प्रतीक है, जिसमें माताओं-बहनों के सम्मान, राष्ट्र की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सिंदूर नारी सम्मान, सौभाग्य और शक्ति का प्रतीक है और इस अभियान के नाम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि भारत अपनी मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर दृढ़ता से खड़ा है।


इस अवसर पर सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, मेजर जनरल शमी सभरवाल, मेजर जनरल डी. अग्निहोत्री, मेजर जनरल पी.एस. राणा, उपनल के एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट, ब्रिगेडियर केजी बहल, सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत, वाइस एडमिरल अनुराग थपलियाल सहित अनेक सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2