प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन बनाएगी उत्तराखंड की जनता : मुख्यमंत्री धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 11 May, 2026 11:47 AMदेहरादून, 11 मई। Pushkar Singh Dhami ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि Narendra Modi द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालने, स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, ऊर्जा की बचत करने तथा एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने जैसे छोटे-छोटे संकल्प ले, तो इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद के उपयोग और खाद्य तेल के संयमित इस्तेमाल जैसे कदम भी आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन छोटे प्रयासों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक सदैव राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा, जब हर नागरिक अपने स्तर पर योगदान सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।



No Previous Comments found.