केदारनाथ यात्रा पर सख्त निगरानी: सुरक्षा सर्वोपरि, रात में आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 May, 2026 10:12 PM
केदारनाथ यात्रा पर सख्त निगरानी: सुरक्षा सर्वोपरि, रात में आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित

देहरादून/रुद्रप्रयाग।
श्री केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने रुद्रप्रयाग पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि अब तक 3 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। 31 हजार से अधिक यात्रियों को चिकित्सा सुविधाएं दी गई हैं, जबकि 11 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने हेली सेवाओं का लाभ उठाया है। बड़ी संख्या में यात्री घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी के माध्यम से भी यात्रा कर रहे हैं।


स्वच्छता और व्यवस्था पर विशेष जोर
आयुक्त ने यात्रा मार्ग पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए शौचालयों की नियमित सफाई, पर्याप्त पानी और सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 18 किलोमीटर पैदल मार्ग पर लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्यावरण मित्रों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।


भ्रामक खबरों पर सख्ती
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा से जुड़ी भ्रामक खबरों की लगातार निगरानी की जाए और अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। संबंधित विभागों को समय-समय पर तथ्यात्मक जानकारी जारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं।


हेली सेवाओं और टिकटों पर नजर
हेली सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित दरों पर ही टिकट बिक्री के निर्देश दिए गए हैं। ओवरचार्जिंग या अनियमितता की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


रात में यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध
सुरक्षा के मद्देनजर रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्ग पर सभी प्रकार के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। केवल आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को ही अनुमति दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।


वीआईपी दर्शन पर रोक
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस बार किसी भी प्रकार के वीआईपी दर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था लागू रहेगी।


जनप्रतिनिधियों से लिए सुझाव
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी सुझाव लिए गए। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने सड़क, पार्किंग, शौचालय और साइन बोर्ड से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिन पर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।


मौसम के अनुसार लिया जाएगा निर्णय
आयुक्त ने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रा को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को 2-3 घंटे के लिए यात्रा रोकने के निर्देश दिए गए हैं।


प्रशासन ने दोहराया कि सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2