दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे विकास और आधुनिक भारत का सशक्त प्रतीक: मुख्यमंत्री धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Apr, 2026 10:55 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और कुशल नेतृत्व में निर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आधुनिक भारत की तेज रफ्तार प्रगति और मजबूत आधारभूत संरचना का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।
मुख्यमंत्री धामी ने देर सायं दिल्ली से देहरादून तक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने के बाद अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय निर्माण गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ विकसित यह एक्सप्रेसवे देश की आधारभूत संरचना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला है।
उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय घटकर मात्र ढाई घंटे रह गया है। इससे आवागमन अधिक सुगम होने के साथ-साथ समय और संसाधनों की भी बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगी। उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
धामी ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर निर्मित एशिया का सबसे बड़ा एलिवेटेड वन्यजीव कॉरिडोर विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह दर्शाता है कि आधुनिक विकास कार्य प्रकृति के संरक्षण के साथ भी किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में देश में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं, जिनका लाभ आम जनता को सीधे तौर पर मिल रहा है।


No Previous Comments found.