ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए प्रदेश में बने पूर्ण मैकेनिज्म: आनन्द बर्द्धन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Apr, 2026 02:34 PMदेहरादून, 27 अप्रैल 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए पूर्ण एवं प्रभावी मैकेनिज्म तैयार किया जाए, ताकि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में शीघ्र विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सोमवार को सचिवालय में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की समीक्षा बैठक की। बैठक में शहरी स्वच्छता, सीवेज प्रबंधन, चारधाम यात्रा मार्गों की सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत चारधाम यात्रा मार्गों एवं जनपदों के प्रवेश मार्गों पर ठोस अपशिष्ट निस्तारण के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारियों को चारधाम यात्रा मार्गों और चारों धामों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रदेश के सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STP) से उपचारित जल का गैर पेयजल कार्यों में 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में अलग से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने प्रदेश में स्थापित किए जा रहे कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट्स और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट्स को शीघ्र तैयार कर संचालन शुरू करने को कहा।
मुख्य सचिव ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था की निगरानी के लिए व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम जल्द लागू करने के निर्देश भी दिए, ताकि सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।
बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, रणवीर सिंह चौहान, डॉ. अहमद इकबाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.