महिलाओं के अधिकारों में रोड़ा बनने वालों को मातृशक्ति देगी जवाब: धामी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Apr, 2026 08:49 PM
महिलाओं के अधिकारों में रोड़ा बनने वालों को मातृशक्ति देगी जवाब: धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने वालों को देश की मातृशक्ति करारा जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके जैसे दलों ने राजनीतिक स्वार्थ में महिलाओं को समान भागीदारी देने वाले ऐतिहासिक अवसर का विरोध किया।


भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी दिलाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक पहल थी। यदि यह अधिनियम लागू होता तो देश की आधी आबादी को राजनीति, समाज और अर्थव्यवस्था में नई शक्ति मिलती तथा लोकतंत्र और अधिक समावेशी बनता।


उन्होंने कहा कि विपक्ष का रवैया केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रगति को रोकने का प्रयास है। जब-जब महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए, तब-तब विपक्ष ने बहाने बनाकर उसे रोकने या कमजोर करने का प्रयास किया।


मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका इतिहास महिलाओं के अधिकारों को टालने और दबाने का रहा है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में जब गंभीर पहल हुई, तब विपक्ष ने भ्रम फैलाने, राजनीतिक गणित बैठाने और प्रक्रिया को बाधित करने का काम किया।


परिसीमन के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार यह भ्रम फैलाता रहा कि परिसीमन से कुछ राज्यों या क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व पर असर पड़ेगा, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद में स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी भी राज्य के प्रतिनिधित्व पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके बावजूद जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई।


धामी ने कहा कि आज देश की महिलाएं जागरूक, सक्षम और अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं। महिलाएं अब केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, खेल और उद्यमिता हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। ऐसे में उन्हें निर्णय प्रक्रिया से दूर रखना न्यायसंगत नहीं है।


उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश की मातृशक्ति उन दलों को जवाब देगी, जो उनके अधिकारों में बाधा बन रहे हैं। महिलाएं अब केवल दर्शक नहीं, बल्कि देश की नीति और दिशा तय करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से मजबूत और सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी दिशा में एक दूरगामी कदम है।


प्रेसवार्ता में विधायक सविता कपूर, पार्टी की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं मोर्चों की प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, युवा कार्यकर्ता तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2