महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष की वोटिंग शर्मनाक, जनता देगी जवाब: महेंद्र भट्ट
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Apr, 2026 10:50 PMदेहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष के रुख पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे महिला विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि बिल के खिलाफ विपक्षी वोटिंग बेहद शर्मनाक है और देश की महिलाएं इसका जवाब चुनाव में देंगी।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने वर्ष 2029 में महिला आरक्षण लागू होने की उम्मीदों को नकारात्मक वोटिंग के जरिए आघात पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सदन में वोट की राजनीति कर महिलाओं के अधिकारों का रास्ता रोकने की कोशिश की गई, लेकिन विपक्ष महिलाओं के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं जागरूक हैं और आने वाले चुनावों में विपक्ष को इसका राजनीतिक जवाब मिलेगा। जनता ऐसे दलों को संसद और विधानसभाओं में वोट देने लायक नहीं छोड़ेगी।
भट्ट ने कहा कि इस घटनाक्रम से कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन का महिला अधिकारों को लेकर असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल वर्षों से महिलाओं को छलते आए हैं और आज फिर वही मानसिकता उजागर हुई है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण विपक्ष के लिए केवल नारा भर है। वर्ष 2023 में राजनीतिक मजबूरी में बिल का समर्थन कर महिलाओं को भ्रमित किया गया, लेकिन अब उनका विरोधी चेहरा सामने आ गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष की महिला सांसदों के रुख पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने भी महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने के बजाय दलगत राजनीति को प्राथमिकता दी।
राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा इसे अपनी जीत बताए जाने पर भट्ट ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की हार को जीत बताना विपक्ष के मानसिक दिवालियेपन को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा मातृशक्ति के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतिम अंजाम तक पहुंचाएगी और जनता लोकतांत्रिक तरीके से इस अपमान का जवाब देगी।


No Previous Comments found.