देहरादून में अपराधियों पर चलेगा ‘ऑपरेशन प्रहार’, सख्त कार्रवाई होगी – डीजीपी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 31 Mar, 2026 11:08 PMदेहरादून। देहरादून में हाल ही में हुई हत्याओं का मामला और बढ़ी हुई आपराधिक घटनाओं के दृष्टिगत राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया गया है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अपराधियों पर शिकंजा कसने, पुलिसिंग को और अधिक आक्रामक बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” चलाने का निर्णय लिया गया। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ ने साफ कहा कि राजधानी में अपराध करने वालों के खिलाफ अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
बैठक में डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए जिम्मेदारियां तय कीं और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया, वहीं एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की टास्किंग कर जवाबदेही तय करने और प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने, बैरियर पर सघन चेकिंग करने तथा विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में पुलिसबल की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आईजी एसटीएफ और एसएसपी एसटीएफ को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सत्यापन अभियान के तहत पीजी, किरायेदारों और होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की सघन निगरानी करने तथा निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि राजधानी में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी अधिकारी पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.