नैनीताल की झीलों का होगा कायाकल्प, भीमताल–नौकुचियाताल विकास परियोजनाओं को मिली गति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Mar, 2026 10:21 PMदेहरादून, 06 मार्च। उत्तराखंड सरकार ने नैनीताल जनपद की प्रमुख झीलों के सौन्दर्यीकरण और पुनर्विकास के लिए योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सचिवालय में समीक्षा बैठक कर भीमताल, नौकुचियाताल और कमलताल झील से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। बैठक में जिलाधिकारी नैनीताल डॉ. ललित मोहन रयाल वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान भीमताल झील के पुनर्विकास और सौन्दर्यीकरण परियोजना पर विशेष चर्चा की गई। करीब 2567.49 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत झील के चारों ओर आकर्षक पाथ-वे, सुभाष पार्क और दीनदयाल पार्क का सौन्दर्यीकरण, लगभग 40 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, ओपन सिटिंग एरिया, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, लैंडस्केपिंग तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।
बैठक में नौकुचियाताल और कमलताल झील के पुनर्विकास की योजना की भी समीक्षा की गई, जिसकी अनुमानित लागत 2097.02 लाख रुपये है। इसके तहत नौकुचियाताल झील के चारों ओर लगभग 2089 मीटर लंबा पाथ-वे, गजिबो, सेल्फी प्वाइंट, पार्किंग और बोटिंग स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर कार्य, बच्चों के लिए आधुनिक उपकरण और विद्युत व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि नैनीताल की झीलें उत्तराखंड की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं और उनके संरक्षण के साथ संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि पर्यटन सुविधाओं में सुधार हो और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।


No Previous Comments found.